कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। मंगलवार सुबह नकटीखार बायपास मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में बालको नगर निवासी दंपत्ति की मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बहरुराम रात्रे अपनी पत्नी के साथ गोढ़ी गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कचन्दा नाला के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने उनकी दुपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बहरुराम रात्रे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 108 संजीवनी एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन सहायता पहुंचने से पहले ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिवार सहित पूरे इलाके में मातम का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

