भक्ति व संस्कृति के संगम पाली महोत्सव का हुआ समापन
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी और सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित दो दिवसीय पाली महोत्सव का गरिमामय समापन हुआ। यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक वैभव और जनउत्साह से परिपूर्ण रहा, जिसने क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और सामाजिक एकता का सुंदर परिचय प्रस्तुत किया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक उपस्थित रहे। पूरे माहौल में उत्साह, भक्ति और उल्लास की मनोहारी छटा नजर आई।
समापन कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन ने क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि पाली महोत्सव कोरबावासियों के लिए गौरव का विषय है और यह महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहा है। मंत्री देवांगन ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पाली शिव मंदिर घाट में शिव आरती, गंगा आरती, श्रीराम आरती और दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। महोत्सव के दौरान उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन दिवस पर भी स्थानीय, प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पाली में पर्यटन को और सुदृढ़ बनाने के लिए शिव मंदिर से कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण और मुख्य मार्ग से डुमरकछार शिव मंदिर तक स्ट्रीट लाइट लगाने का काम किया जाएगा। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर और मोहित राम केरकेट्टा, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती निकिता जायसवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत अजय जायसवाल, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एसडीएम पाली रोहित कुमार और अन्य गणमान्य नागरिक शामिल थे।
सांस्कृतिक परंपराओं को संजोने व आगे बढ़ाने किया जा रहा सराहनीय कार्य : सांसद

कार्यक्रम के दौरा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर दिशा देने का संदेश है। भगवान शिव की आराधना हमें कठिनाइयों से संघर्ष करना, धैर्य रखना और आत्मबल के साथ आगे बढऩा सिखाती है। उन्होंने कहा कि शिव अनादि और अनंत हैं, वे सदानंद स्वरूप हैं। देश के 12 ज्योतिर्लिंग भगवान शिव को एक सूत्र में बांधते हैं और यह हमारी आध्यात्मिक एकता के प्रतीक हैं। शिव की साधना व्यक्ति को विकारों से दूर कर विराट चेतना की ओर ले जाती है। सांसद श्रीमती महंत ने जिला प्रशासन और शासन की सराहना करते हुए कहा कि पाली की सांस्कृतिक परंपराओं को संजोने और आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। ऐसे आयोजन हमारी विरासत, आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियो से अपनी सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहर को सहेजकर रखने और आने वाली पीढिय़ों तक उसे संरक्षित रूप में पहुंचाने का आह्वान किया।
सामाजिक एकता को मजबूत करता है पाली महोत्सव
पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने कहा कि पाली देवाधिदेव भगवान शिव और मां महिषासुर मर्दिनी की नगरी है, जिसकी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की पहचान है। यह भूमि आस्था, संस्कृति और परंपराओं से समृद्ध है और प्राकृतिक संसाधनों से भी परिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महोत्सव सामाजिक एकता को मजबूत करता है और नई पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ता है। साथ ही कलेक्टर ने भी पाली महोत्सव को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पाली के प्राचीन शिव मंदिर की गरिमा और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए महोत्सव का आयोजन किया गया है। यह केवल उत्सव नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने नागरिकों को भरपूर आनंद दिया।
छालीवुड के सुपरस्टार दीपक साहू ने मंच पर बिखेरी छालीवुड की चमक

पाली महोत्सव रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ सम्पन्न हुआ। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक छटा, भक्ति और संगीत का अद्भुत समागम दर्शकों के सामने बिखरा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा और दीपक साहू ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों को प्रभावित किया। साथ ही बॉलीवुड की मधुर स्वर की धनी कनिका कपूर ने अपनी लोकप्रिय धुनों से समारोह को और भी यादगार बना दिया। समापन अवसर पर स्थानीय कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने महोत्सव को जीवंतता और उत्साह से भर दिया। उपस्थित सभी दर्शक इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा बनकर आनंदित हुए और इस महोत्सव की यादें हमेशा के लिए संजो ली। छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति गीतों से करते हुए उन्होंने राम सिया राम और आरुग दिया ला जलाए जैसे गीतों के माध्यम से देवी-देवताओं की आराधना प्रस्तुत की।
मीत ब्रदर्स, खुशबू ग्रेवल, कनिका कपूर और अनुज शर्मा की सुरमयी शामों से सजेगा पाली महोत्सव

