सिक्किम में निर्माणाधीन सुरंग पर लैंडस्लाइड, 8 मजदूरों की मौत

      Date:

          समरदुंग सुरंग

          • 19 मजदूर अब भी फंसे, मीथेन गैस रिसाव की आशंका से रेस्क्यू अभियान में दिक्कत

          गंगटोक। सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन समरदुंग सुरंग पर सोमवार दोपहर हुए लैंडस्लाइड में कम से कम 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 19 मजदूर अब भी सुरंग के भीतर फंसे हुए हैं। हादसे के बाद सुरंग का प्रवेश द्वार मलबे से बंद हो गया, जिससे बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रशासन के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 3:40 बजे हुआ। सुरंग में कुल 27 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। राहत कार्य के दौरान सुरंग में मीथेन गैस रिसाव की आशंका के कारण कई बचावकर्मियों की तबीयत बिगड़ गई और कुछ बेहोश भी हो गए।

          27 मजदूरों के फंसे होने की आशंका

          जिला कलेक्टर अनुपा तामलिंग ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार सुरंग में कुल 27 मजदूर मौजूद थे, जिनमें पटेल इंजीनियरिंग के 21 और एनएचपीसी के छह कर्मचारी शामिल हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि अंदर मौजूद मजदूरों की वास्तविक संख्या में बदलाव भी संभव है। अब तक आठ मजदूरों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष 19 मजदूरों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।

          मीथेन गैस से बढ़ी रेस्क्यू की चुनौती

          हादसे के बाद सुरंग के भीतर मीथेन गैस जमा होने या रिसाव की आशंका जताई जा रही है। गैस के प्रभाव से अंदर जाने वाले कुछ बचावकर्मियों को चक्कर आने लगे और कुछ बेहोश भी हो गए। इसके चलते राहत एवं बचाव कार्य को सावधानी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। रेस्क्यू टीम गैस मास्क और विशेष सुरक्षा उपकरणों की मदद से मजदूरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

          एनडीआरएफ, एसडीआरएफ सहित कई एजेंसियां मौके पर

          घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव अभियान को तेज करने के लिए पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों से लैस विशेष रेस्क्यू टीम भी बुलाई गई है। घटनास्थल पर एंबुलेंस और चिकित्सा दल तैनात हैं, ताकि मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालते ही तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी मानद ‘डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी’ उपाधि से सम्मानित

              नई दिल्ली में आयोजित इंडो इंटरनेशनल इंटेलेक्चुअल कॉन्क्लेव-2026...