तेल अवीव/तेहरान (एजेंसी)। अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत होने का दावा किया गया है। हमले में खामेनेई के परिवार के कई सदस्य उनकी बेटी, दामाद, पोती और बहू भी मारे गए। ईरान सरकार ने देशभर में 40 दिन के राजकीय शोक और सात दिनों की सार्वजनिक छुट्टियों की घोषणा की है।

खामेनेई की मौत के बाद इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने गहरा दुख व्यक्त किया है। ईरानी न्यूज फार्स के अनुसार संगठन ने कहा कि हमने एक महान नेता खो दिया है और पूरा देश शोक में डूबा है। साथ ही, ईरानी सेना ने एक खतरनाक अभियान शुरू करने की घोषणा की है। बयान में कहा गया है कि क्षेत्र में कब्जे वाले इलाकों और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर खामेनेई की मौत का दावा किया था। उन्होंने लिखा कि इतिहास के सबसे क्रूर व्यक्तियों में से एक मारा गया है और इसे ईरान की जनता व दुनिया के लिए न्याय बताया। बताया गया है कि शनिवार को अमेरिका और इजराइल ने तेहरान समेत कई शहरों पर हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने भी इजराइल पर पलटवार किया।
200 लोगों की मौत, 740 से ज्यादा घायल
ईरान रेड क्रिसेंट सोसाइटी के मुताबिक हमलों में अब तक 200 से अधिक लोगों की मौत और 740 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है। एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 148 छात्राओं की मौत और 45 के घायल होने की खबर है। अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए हमलों में ईरान के 10 प्रमुख शहरों को निशाना बनाए जाने की बात कही जा रही है।

