बलौदाबाजार (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान पहले प्रेम धीवर (18) की बलौदाबाजार अस्पताल में मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में रायपुर रेफर किए गए राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) ने दम तोड़ दिया। तीनों आपस में मौसेरे भाई थे और नवरात्रि के अवसर पर पलारी जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार तीनों युवक सोमवार देर रात बाइक से दौदे से पलारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घोटिया मोड़ के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रेम धीवर ने बलौदाबाजार अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, राज धीवर और खिलेश्वर धीवर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर के डीकेएस अस्पताल भेजा गया था। वहां उपचार के तीसरे दिन दोनों की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
तीनों की उम्र महज 18 वर्ष
हादसे में जान गंवाने वाले प्रेम और खिलेश्वर धीवर कोरासी गांव के निवासी थे, जबकि राज धीवर पलारी में रहता था। तीनों रिश्ते में मौसेरे भाई थे। प्रेम के पिता दौदे में होटल चलाते हैं, जहां वह भी उनके साथ काम करता था। नवरात्रि के दौरान पलारी जाते समय हुए इस हादसे ने तीनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसों के लिए चर्चित है घोटिया मोड़
घोटिया मोड़ को दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील स्थान माना जाता है। यहां पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर किया है।
दर्दनाक सड़क हादसा : पिकअप पलटने से 16 की मौत, 4 महिलाओं की एक ही चिता पर विदाई

