शेफाली वर्मा ने जड़ा नाबाद शतक, दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने चटकाए 3-3 विकेट; मंधाना बनीं टी-20 अंतरराष्ट्रीय की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज
नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से करारी शिकस्त दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 15 ओवर में 81 रन पर ऑलआउट हो गई। 22 सिंतबर को फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा।

भारत की जीत की सबसे बड़ी नायिका शेफाली वर्मा रहीं। उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 49 गेंदों में नाबाद 100 रन की पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। शेफाली ने हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 94 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। शेफाली ने पारी की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। यह उनका सफेद गेंद वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला शतक रहा। इसके साथ ही वह एशियन गेम्स में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज भी बन गईं। हरमनप्रीत कौर ने भी उपयोगी पारी खेलते हुए 33 गेंदों में 40 रन बनाए। उन्होंने 6 चौके लगाए। दोनों के बीच हुई 94 रन की साझेदारी ने भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी।
मंधाना ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
स्मृति मंधाना ने 19 गेंदों में 37 रन की तेज पारी खेली। इसी दौरान उन्होंने महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मंधाना के नाम अब 4,788 रन हो गए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के 4,758 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।मंधाना ने अपनी पारी के दौरान टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 छक्के भी पूरे किए।
गेंदबाजों ने बांग्लादेश की कमर तोड़ी
195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही। नंदनी शर्मा ने पारी की पहली ही गेंद पर जुआरिया फिरदौस को आउट कर भारत को शुरुआती सफलता दिलाई। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाते हुए बांग्लादेश को दबाव में रखा। नंदनी शर्मा ने 10वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर नाहिदा अख्तर और राबेया खान को आउट कर बांग्लादेश की पारी पूरी तरह लड़खड़ा दी। उनके पास हैट्रिक का भी मौका था, लेकिन सुल्ताना खातून बच गईं। दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने 3-3 विकेट लिए। श्री चरणी और क्रांति गौड़ ने भी महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। बांग्लादेश की ओर से दिलारा अख्तर ने 23 गेंदों में 27 रन बनाए, लेकिन उनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्मृति मंधाना ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

