रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा पहुंचे पांच सांसदों द्वारा सदन में पूछे गए सवालों के विश्लेषण से यह सामने आया है कि कुल प्रश्नों की तुलना में प्रदेश से सीधे जुड़े मुद्दों पर पूछे गए सवालों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। हालांकि सांसदों की सक्रियता और उनकी प्राथमिकताओं में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है।

आंकड़ों के मुताबिक कुल सवाल पूछने के मामले में सांसद फूलो देवी नेताम सबसे आगे रहीं। वहीं छत्तीसगढ़ से जुड़े विषयों को सदन में उठाने के मामले में राजीव शुक्ला का प्रदर्शन बेहतर रहा। दूसरी ओर प्रदेश से संबंधित सवाल पूछने के मामले में रंजीत रंजन सबसे पीछे रहीं।
वर्तमान में राज्यसभा में छत्तीसगढ़ के कोटे से पांच सांसद प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें कांग्रेस की ओर से केटीएस तुलसी, राजीव शुक्ला, रंजीत रंजन और फूलो देवी नेताम को पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में राज्यसभा भेजा गया था। वहीं भाजपा के कोटे से फरवरी 2024 में देवेंद्र प्रताप सिंह राज्यसभा सदस्य बने। सांसदों द्वारा सदन में उठाए गए सवालों के आंकड़े यह भी बताते हैं कि कुल प्रश्नों की तुलना में छत्तीसगढ़ से सीधे जुड़े मुद्दों का प्रतिशत सीमित रहा। इसके साथ ही अलग-अलग सांसदों की सक्रियता और प्राथमिकताओं में भी उल्लेखनीय अंतर देखने को मिला।

