रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर में सुभाष स्टेडियम के पास स्थित पुराने महापौर बंगले को अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। इस संबंध में निर्णय महापौर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में लिया गया।
जानकारी के मुताबिक ईडी के डिप्टी डायरेक्टर ने अपने आंचलिक कार्यालय के लिए कलेक्टर के माध्यम से करीब 4000 वर्गफुट स्थान की मांग की थी। इसके बाद नगर निगम ने सुभाष स्टेडियम के पास स्थित खाली पड़े महापौर निवास को ईडी को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि यह बंगला फिलहाल खाली है और कार्यालय संचालन के लिहाज से उपयुक्त माना जा रहा है। भवन के ग्राउंड फ्लोर पर चार बड़े और दो छोटे कमरे के साथ प्रसाधन कक्ष मौजूद हैं, जबकि पहली मंजिल पर दो बड़े हॉल और दो छोटे कमरे सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में इसे कार्यालय के रूप में आसानी से उपयोग में लाया जा सकेगा। एमआईसी बैठक में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के उपायुक्त (पश्चिम) कार्यालय के लिए भी व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत कोटा मुक्तिधाम के सामने स्थित सामुदायिक भवन को अस्थायी रूप से कार्यालय के लिए उपलब्ध कराने की मंजूरी दी गई है।
एमआईसी की बैठक में लिया गया फैसला
ये सभी फैसले महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में आयोजित एमआईसी बैठक में लिए गए। बैठक में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, एमआईसी सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान शहर के प्रशासनिक कार्यों को बेहतर बनाने और विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

