रायपुर(AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के हित में बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश अब तय समय से पहले शुरू किया जाएगा। पहले स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 1 मई से घोषित थीं, लेकिन अब इसे अग्रिम रूप से 20 अप्रैल से लागू कर दिया गया है।

सरकार के नए आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त तथा निजी स्कूलों में 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। इस निर्णय से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने 16 से 19 अप्रैल के बीच रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कई क्षेत्रों में हीट वेव की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है।प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। बीते 24 घंटों में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। आने वाले दो दिनों में भी मौसम शुष्क रहने तथा कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई गई है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकार का यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

