कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। बालको क्षेत्र में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन जिला युवा कांग्रेस के शहर अध्यक्ष राकेश पंकज के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव विकास सिंह तथा सांसद प्रतिनिधि मोहन प्रधान की उपस्थिति रही। नेताओं ने असम मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बयान को शर्मनाक बताते हुए कहा कि इस प्रकार की भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। वहीं विकास सिंह ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस जनहित के मुद्दों को उठाती रहेगी। सांसद प्रतिनिधि मोहन प्रधान ने कहा कि कांग्रेस नेता देशहित में कार्य करते हैं और किसी दबाव में नहीं आते। प्रदर्शन में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा, रेखा त्रिपाठी, शशिलता पांडेय, पुष्पा पात्रे, दुर्गा सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

