बालकोनगर (AkhandBharatHNKP.Com)। आज के समय में बेहतर करियर के लिए युवाओं को अक्सर अपने परिवार, गाँव-शहर और जड़ों से दूर जाना पड़ता है। करियर के अवसर और अपनों के साथ रहने के बीच चयन करना आज के युवाओं के लिए आम दुविधा बन गया है। छत्तीसगढ़ की एकमात्र एल्यूमिनियम उत्पादक कंपनी बालको इस सोच को बदलते हुए राज्य में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपने राज्य से बाहर जाए बिना ही अपने घर के पास रहते हुए आगे बढऩे का मौका मिल रहा है।


बालको ने विस्तार परियोजनाओं, आधुनिक तकनीक और कौशल विकास में लगातार निवेश किया है। इसके परिणामस्वरूप इंजीनियरिंग, प्रचालन, रखरखाव, सुरक्षा, प्रशासन, सामुदायिक विकास और अन्य क्षेत्रों में आकर्षक रोजगार के अवसर बने हैं। राज्य के युवाओं को यहां न केवल रोजगार मिलता है, बल्कि वैश्विक स्तर की परियोजनाओं में काम करने का अनुभव भी। रायगढ़ के रिशोरा गांव की स्मिता प्रधान, जो बालको में जूनियर एग्जीक्यूटिव हैं, बताती हैं कि जब मैंने अपने माता-पिता को बताया कि मेरा चयन बालको में हो गया है, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मेरे लिए यह सपना सच होने जैसा था कि मैं छत्तीसगढ़ में रहकर ही अपना भविष्य बना रही हूं। तीन साल के अनुभव में मुझे कभी यह महसूस नहीं हुआ कि मेट्रो शहर में काम न करने से मैं कुछ खो रही हूं। मैं यहां लगातार सीखते हुए आगे बढ़ रही हूं।
हर दिन मिलता है कुछ नया सीखने को
इसी तरह रायगढ़ की मिथिला प्रधान, जो पॉटलाइन में जूनियर एग्जीक्यूटिव हैं, कहती हैं कि रसायन विज्ञान में मास्टर्स के दौरान मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इतना आधुनिक और औद्योगिक माहौल मिलेगा। यहां हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है, और अपने जड़ों से जुड़े रहकर आगे बढऩा मेरे लिए बेहद संतोषजनक है। फाउंड्री में शिफ्ट इंचार्ज देवाशीष पटेल कहते हैं कि बालको का माहौल कॉलेज के दिनों की याद दिलाता है। यहां सीखने का तरीका बहुत सहयोगात्मक और व्यावहारिक है। काम के बाद टाउनशिप के खुले और हरित वातावरण में समय बिताना सुकून देता है। बालको अस्पताल में मेरे माता-पिता को नियमित स्वास्थ्य सुविधा मिलती है, जिससे मुझे मानसिक शांति मिलती है।
युवाओं को मिल रहा अवसर
बेक ओवन में कार्यरत पीजीटी मनीष कुमार पटेल बताते हैं कि बालको छत्तीसगढ़ के कॉलेजों से युवाओं को अवसर देता रहा है। जो अवसर पहले दूर लगते थे, वे अब हमारे राज्य में ही उपलब्ध हैं। हाल ही में शादी के बाद मुझे बालको का परिवार-केंद्रित वातावरण और हरा-भरा परिसर बेहद पसंद आया। यहां अच्छा कार्य-जीवन संतुलन मिलता है। जब जूनियर मुझसे सलाह लेते हैं, तो मैं गर्व से अपने काम और संगठन के बारे में बताता हूं।
भारत की प्रतिष्ठित व भरोसेमंद एल्यूमिनियम कंपनी
ऐसे समय में जब करियर के अवसर अक्सर दूरियों की मांग करते हैं, बालको स्थानीय प्रतिभाओं के लिए स्थायी और समावेशी विकल्प प्रस्तुत करती है। कंपनी के 70 प्रतिशत से अधिक प्रत्यक्ष कर्मचारी और 80 प्रतिशत से अधिक अप्रत्यक्ष कर्मचारी छत्तीसगढ़ के हैं। बालको स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें आगे बढऩे का मंच देती है। शॉपफ्लोर से लेकर तकनीकी, सुपरवाइजरी और प्रबंधन स्तर तक, बालको योग्यता और क्षमता के अनुसार अवसर प्रदान करता है। इस तरह बालको न केवल छत्तीसगढ़ के विकास में योगदान दे रहा है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के सपने को भी साकार कर रहा है। यही कारण है कि बालको आज भारत की एक प्रतिष्ठित और भरोसेमंद एल्यूमिनियम कंपनी के रूप में पहचानी जाती है।

