रायगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। तमनार में जेपीएल कोयला खदान के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने महिला आरक्षक के कपड़े फाड़ दिए। उसे आधा किलोमीटर तक दौड़ाया गया। महिला आरक्षक दौड़ते वक्त खेत में गिर गई। प्रदर्शनकारियों ने वर्दी फाड़कर उसे अर्धनग्न कर दिया।
बता दें कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया जो जब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरत हो रहा है। वीडियो में महिला आरक्षक रो-रोकर प्रदर्शनकारियों को भाई बोलकर कहती है कि, मुझे माफ कर दो, छोड़ दो। वहीं प्रदर्शनकारी कहते हैं कि, क्या करने आई थी। चप्पल से मारूं अभी। चलो भाग जाओ यहां से। उसके बाद उसे छोड़कर लोग चले जाते हैं। इससे पहले महिला टीआई को लात मारने का वीडियो सामने आया था। तमनार में यह हिंसक झड़प 27 दिसंबर 2025 को हुई थी।
क्या है पूरा मामला
मामला 8 दिसंबर 2025 को धौराभाठा में हुई जनसुनवाई के विरोध से जुड़ा है। जेपीएल कोयला खदान सेक्टर-1 कोल ब्लॉक से प्रभावित 14 गांवों के लोग 12 दिसंबर से धरने पर बैठे हुए थे। 27 दिसबंर को सुबह करीब 9 बजे लिबरा चौक पर लगभग 300 ग्रामीण जमा हो गए। सड़क पर बैठकर आने-जाने का रास्ता रोक दिया। स्थिति बिगड़ती देख सुबह करीब 10 बजे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाया। धरनास्थल पर लगे टेंट में वापस भेज दिया। कुछ समय के लिए माहौल शांत हुआ, लेकिन तनाव बना रहा। करीब दोपहर ढाई बजे अचानक हालात बिगड़ गए। भीड़ ने पुलिस के बैरिकेड तोड़ दिए। पत्थर और डंडों से हमला कर दिया। पुलिस पर जमकर लाठियां और पत्थर बरसाए गए। तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम को महिलाओं ने लात-घूंसे से पीटा। जिससे कई पुलिसकर्मी और महिला आरक्षक भी घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
तमनार जनसुनवाई : प्रदेश कांग्रेस ने प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार

