बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में होली सेलिब्रेशन के दौरान एक बार फिर छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। डीजे की धुन पर चल रहे कार्यक्रम के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते रहे। गौरतलब है कि चार दिन पहले भी विश्वविद्यालय परिसर में इसी तरह की घटना सामने आई थी।

सोमवार को विश्वविद्यालय कैंपस में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम पर डीजे बज रहा था और छात्र-छात्राएं रंग-गुलाल उड़ाते हुए डांस कर रहे थे। इसी बीच कुछ छात्रों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ छात्र नशे की हालत में थे और आपस में रंग डालने के दौरान कपड़े फाडऩे जैसी हरकतें करने लगे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों गुट आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि इससे पहले विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के होली मिलन समारोह के दौरान भी स्टेज पर चढऩे को लेकर विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया था। कुछ छात्र जबरन मंच पर चढऩे की कोशिश कर रहे थे, जिसका अन्य छात्रों ने विरोध किया था।
सोमवार को एक अन्य छात्र गुट द्वारा रंग बरसे 0.5 नाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। ऑडिटोरियम के सामने घंटों तक डीजे की धुन पर रंगों की मस्ती चलती रही। एक ओर जहां अधिकांश छात्र-छात्राएं उत्सव के माहौल में डांस कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर कुछ छात्र आपस में उलझ पड़े। अचानक शुरू हुई मारपीट ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। छात्रों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट का वीडियो सामने आया
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक गुट द्वारा दूसरे छात्र को घेरकर पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। इधर, कोनी थाना क्षेत्र के टीआई भावेश शेंडे ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में मारपीट की उन्हें फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। किसी भी छात्र द्वारा शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

