रायगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। रायगढ़ जिले के गोला वन क्षेत्र में जंगली हाथियों के हमले में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह गोला क्षेत्र के बंदा और मुरपा गांव में हुई, जहां बोकारो सीमा से भटके 12 हाथियों के झुंड ने अलग-अलग स्थानों पर हमला कर तीन लोगों को कुचल दिया।

पहली घटना मुरपा गांव में हुई, जहां सुबह जंगल में महुआ चुनने गए शामदेव साव को हाथियों ने घेरकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी घटना बंदा क्षेत्र में सामने आई, जहां ईंट भट्ठे पर कार्यरत दो मजदूरों पर हाथियों ने अचानक हमला कर दिया और उन्हें कुचलकर मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गोला-पिपरा गांव के ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हाथियों के मूवमेंट की सटीक जानकारी समय पर नहीं दी जाती, जिससे लोग अनजाने में उनकी चपेट में आ जाते हैं। वहीं वन विभाग की टीम की मौके पर अनुपस्थिति और त्वरित कार्रवाई में कमी को लेकर भी नाराजगी जताई गई है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग पिछले चार-पांच दिनों से हाथियों के झुंड की निगरानी के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात कर रहा था, लेकिन हाथियों की सटीक लोकेशन का पता नहीं चल सका। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। विभाग की ओर से मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25-25 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं, जबकि शेष 3 लाख 75 हजार रुपये की मुआवजा राशि आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद दी जाएगी।

