रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के वनांचल क्षेत्र में तेंदुए के हमलों से दहशत का माहौल है। शुक्रवार सुबह आमानारा गांव में तेंदुए ने चार लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान अपनी चार वर्षीय बेटी सुहानी मरकाम को बचाने के लिए पिता सुरेश मरकाम तेंदुए से भिड़ गए। पिता की बहादुरी से बच्ची की जान बच गई, लेकिन हमले में कई ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नगरी सिविल अस्पताल ले जाया गया। इस घटना में एक ग्रामीण की मौत होने की खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह सुहानी मरकाम अपने घर में रोटी खा रही थी। इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। बेटी को खतरे में देखकर पिता सुरेश मरकाम ने हिम्मत दिखाई और तेंदुए का मुकाबला करते हुए उसे बचा लिया। घटना में सुरेश मरकाम के अलावा प्रभु प्रसाद और बीरबल नेताम सहित अन्य ग्रामीणों के घायल होने की जानकारी है। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लगातार हमलों से परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर हमला करने वाले तेंदुए को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन के अनुसार, तेंदुए को प्राथमिक उपचार के बाद जंगल सफारी भेजने की तैयारी की जा रही है। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसकी जांच की जाएगी। तेंदुए में रेबीज की आशंका को देखते हुए भी चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा।
ग्रामीण पर तेंदुए ने किया हमला, हालत गंभीर

