मई में दीपका ने पूरा किया कोयला उत्पादन लक्ष्य, गेवरा और कुसमुंडा पिछड़े

      Date:

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। एसईसीएल की प्रमुख कोयला परियोजनाओं में मई माह के दौरान दीपका एरिया ने निर्धारित उत्पादन लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल कर बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि गेवरा और कुसमुंडा जैसी मेगा परियोजनाएं लक्ष्य से पीछे रह गईं। इन दोनों बड़ी परियोजनाओं के अपेक्षित उत्पादन नहीं कर पाने का असर एसईसीएल के कुल उत्पादन पर भी पड़ा है।

          चालू वित्तीय वर्ष में एसईसीएल को 195 मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य दिया गया है, जिसमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी कोरबा जिले की खदानों की है। जिले की कुसमुंडा, गेवरा और दीपका परियोजनाओं को क्रमशः 39, 59 और 40 मिलियन टन उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मई माह में कुसमुंडा एरिया को 3.47 मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य मिला था, लेकिन एरिया केवल 2.48 मिलियन टन उत्पादन ही कर सका। इसी तरह गेवरा एरिया को 5.26 मिलियन टन उत्पादन करना था, जबकि वास्तविक उत्पादन 3.49 मिलियन टन रहा। दूसरी ओर दीपका एरिया ने 3.56 मिलियन टन के निर्धारित लक्ष्य को पूरी तरह हासिल कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

          एसईसीएल का कुल उत्पादन लक्ष्य 17.33 मिलियन टन

          कोरबा एरिया को 0.72 मिलियन टन उत्पादन का लक्ष्य दिया गया था, जिसके मुकाबले 0.62 मिलियन टन कोयला उत्पादन दर्ज किया गया। मई माह में एसईसीएल का कुल उत्पादन लक्ष्य 17.33 मिलियन टन था, जबकि कंपनी 14.42 मिलियन टन कोयला उत्पादन ही कर सकी। इस तरह लक्ष्य के मुकाबले करीब 3 मिलियन टन की कमी दर्ज की गई। हालांकि रायगढ़, जोहिला, सोहागपुर, हसदेव, बैकुंठपुर और चिरमिरी क्षेत्रों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक उत्पादन कर कंपनी प्रबंधन को कुछ राहत दी है। वहीं आगामी मानसून को देखते हुए खदानों में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि वर्षा के दौरान उत्पादन प्रभावित न हो।

          वित्तीय वर्ष में 212 मिलियन टन उत्पादन का था लक्ष्य 

          उल्लेखनीय है कि पिछले वित्तीय वर्ष में एसईसीएल को 212 मिलियन टन उत्पादन का लक्ष्य मिला था, जिसे कंपनी हासिल नहीं कर सकी थी। इसके बाद इस वर्ष उत्पादन लक्ष्य घटाकर 195 मिलियन टन कर दिया गया है। कुसमुंडा और गेवरा परियोजनाओं के लक्ष्य में भी कटौती की गई है, जबकि दीपका परियोजना का लक्ष्य यथावत रखा गया है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related