चित्रा टॉकीज प्रांगण में रंगों की बौछार, होली मिलन समारोह में हर चेहरे पर उमंग और उत्साह
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी द्वारा चित्रा टॉकीज प्रांगण में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, पत्रकारगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
समारोह के दौरान सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और रंगों के इस त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मनाया। पूरे कार्यक्रम में आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने होली गीतों के बीच एक-दूसरे के साथ रंग खेलकर उत्सव का आनंद उठाया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने जिलेवासियों को होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार समाज में खुशियां, सकारात्मकता और एकता का प्रतीक है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दी और होली के इस पर्व को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और रंगों की छटा देखते ही बन रही थी।

