सूरजपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के सरकारी स्कूल में स्कूली बच्चों से नाले के पानी में मिड-डे-मील के बर्तन धुलवाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने जांच के आदेश दिएजिसके बाद स्कूल की हेडमास्टर को निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार यह मामला देवीपुर के अंबेडकर पारा स्थित शासकीय माध्यमिक शाला का है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूली बच्चे मिड-डे-मील में इस्तेमाल होने वाले बड़े-बड़े बर्तनों को स्कूल के पास बह रहे नाले के पानी से धो रहे हैं। बर्तन धोने के बाद बच्चे उन्हें उठाकर स्कूल ले जाते भी दिखाई दे रहे हैं। बताया गया कि 12 मार्च को देवीपुर प्राइमरी स्कूल के कुछ बच्चे एमडीएम के बर्तन लेकर नाले पर पहुंचे और वहीं उन्हें धोया। इस दौरान किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद डीईओ अजय मिश्रा ने तत्काल मामले की जांच के निर्देश दिए। जांच की जिम्मेदारी सूरजपुर के बीईओ हरेंद्र सिंह को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि हेडमास्टर और शिक्षकों के कहने पर ही बच्चों को नाले में बर्तन धोने भेजा गया था। इसके बाद डीईओ ने स्कूल की हेडमास्टर मारिया गोरेती को निलंबित कर दिया।
कारण बताओ नोटिस जारी
इसके अलावा संकुल प्राचार्य संतोष मरकाम, संकुल समन्वयक सुशील कुमार ठाकुर और संकुल केंद्र लांची को लापरवाही के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं स्कूल की सहायक शिक्षिकाएं प्रेमलता पांडेय और जितेश्वरी को भी नोटिस देकर उनकी एक-एक वेतनवृद्धि रोक दी गई है।
प्रदेशभर में रसोइए हड़ताल पर
बता दें कि प्रदेशभर में रसोइया संघ अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर है। इसके चलते स्कूलों में मिड-डे-मील बनाने की जिम्मेदारी फिलहाल शिक्षकों पर आ गई है। बर्तन साफ करने के लिए भी कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं। इसी वजह से कई जगह बच्चों से बर्तन धुलवाए जा रहे हैं। हालांकि इस मामले में बच्चों की सुरक्षा और स्वच्छता की अनदेखी को देखते हुए विभाग ने सख्त कार्रवाई की है।
आरटीई बच्चों से काम करवाना पड़ा भारी, कलेक्टर ने प्राचार्य को पद से हटाया

