अदाणी फाउंडेशन-केपीएल की सीएसआर पहलों के तहत स्कूलों में बाउंड्री वॉल व शौचालय निर्माण, 4100 से अधिक विद्यार्थियों को स्कूल किट वितरण
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। बारपाली तहसील स्थित कोरबा पावर लिमिटेड (केपीएल) अपने सामाजिक दायित्वों के अंतर्गत कम्युनिटी फर्स्ट की अवधारणा को साकार कर रहा है। अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से केपीएल द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास हेतु क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, सुविधाओं और सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।

अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्राम पंचायत खोड्डल एवं सरगबुंदिया के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में निर्मित बाउंड्री वॉल का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थी, अभिभावक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थितजनों ने इस पहल को गांव की सुरक्षा, शिक्षा व्यवस्था एवं समग्र विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। बाउंड्री वॉल निर्माण का उद्देश्य विद्यालय परिसरों को असामाजिक तत्वों से सुरक्षित रखना तथा ग्राम पंचायत भवन, दो आंगनवाड़ी केंद्र, सामुदायिक मंच, हाई मास्ट लाइट एवं ओवरहेड वाटर टैंक जैसी महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों का संरक्षण करना है। इसके साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु परिसर में आरओ जल संयंत्र लगाने का कार्य भी प्रगति पर है।
इसी क्रम में स्वच्छ स्कूल अभियान के तहत अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्राम पंचायत पताढ़ी के शासकीय विद्यालय दर्राभाठा में छात्र एवं छात्राओं के लिए पृथक शौचालयों का निर्माण किया गया, जिसका उद्घाटन विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में किया गया। इस सुविधा से विशेष रूप से छात्राओं को स्वच्छता एवं सुरक्षा का लाभ मिलेगा। वहीं सरगबुंदिया एवं उरगा के शासकीय विद्यालयों में शौचालय निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन द्वारा कुदुरमल, उरगा, अखरापाली, बारीडीह, कटबिटला, संडैल, बैसामुड़ा, सरायडीह सहित आसपास के गांवों के 46 शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत 4100 से अधिक विद्यार्थियों को स्कूल बैग, नोटबुक एवं ज्योमेट्री बॉक्स युक्त शैक्षणिक किट का वितरण किया गया।
2500 से अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परामर्श
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी अदाणी फाउंडेशन द्वारा उल्लेखनीय योगदान दिया गया है। अब तक आयोजित छह नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से कटबितला, बारीडीह, पहन्दा, पताढ़ी सहित कुल 12 गांवों के 2500 से अधिक ग्रामीणों को स्वास्थ्य परामर्श, उपचार एवं नि:शुल्क दवाओं का लाभ प्रदान किया गया। इन सभी कार्यक्रमों के दौरान ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने अदाणी फाउंडेशन एवं कोरबा पावर लिमिटेड के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही संस्था
ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी संयंत्र और गांवों के बीच सहयोग बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। अदाणी फाउंडेशन के ये प्रयास स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि कम्युनिटी फर्स्ट की भावना के साथ संस्था स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए कोरबा क्षेत्र के समग्र एवं सतत विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अधोसंरचना विकास को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
अदाणी फाउंडेशन की कम्युनिटी फर्स्ट पहल से शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा को मिली नई मजबूती

