नई दिल्ली (एजेंसी) (AkhandBharatHNKP.Com)। श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद साइक्लोन दितवाह रविवार शाम को तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों से टकराएगा। मौसम विभाग ने कुड्डालोर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
जानकारी के अनुसार साइक्लोन दितवाह के चलते बारिश से जुड़ी घटनाओं में तमिलनाडु में तीन लोगों की मौत हो गई। तूतीकोरिन और तंजावुर में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मयिलादुथुराई में करंट लगने से एक 20 साल के लड़के की जान चली गई। राज्य सरकार में मंत्री के रामचंद्रन ने बताया कि तटीय इलाकों में 234 झोपडिय़ों/कच्चे घरों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 149 जनावरों की की भी मौत हो गई। खेती के काम ने वाली करीब 57,000 हेक्टेयर जमीन पानी में डूब चुकी है। तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण शनिवार को 54 उड़ानें रद्द कर दी गईं। पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने साइक्लोन के कारण छुट्टी घोषित कर सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।
वेदारण्येश्वर स्वामी मंदिर के गर्भगृह के बाहर जलभराव
दित्वाह के कारण पिछले कुछ समय से बारिश हो रही है। इस कारण, तमिलनाडु के अरुलमिगु में वेदारण्येश्वर स्वामी मंदिर के गर्भगृह के बाहर जलभराव देखा गया। मंदिर के पुजारी त्यागराजन ने बताया कि पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण मंदिर के अंदर पानी जमा हो गया है। इस कारण श्रद्धालुओं की संख्या कम हो गई है। पानी निकालने के लिए मोटर लगाया गया है। वहीं बंगाल की खाड़ी में आए इस तूफान के असर से पुडुचेरी में समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठने लगी हैं। तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने का काम जारी है। पुलिस लोगों को समुद्र के किनारे से हटा रही है और आस-पास के इलाकों में नहीं जाने की चेतावनी जारी की गई है।
तूफान दित्वाह का प्रभाव
- तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो रही है।
- तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
- चेन्नई समेत तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
- नागपट्टिनम जिले के वेदारण्यम के पास कोडियाकराई बीच इलाके में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश दर्ज की गई।

