दिल्ली दौरे से लौटे सीएम ने राहुल गांधी के आरोपों पर किया पलटवार, बोले- प्रदेश की ऊर्जा खपत में 15 प्रतिशत हिस्सेदारी नवीकरणीय ऊर्जा की करने का लक्ष्य
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को एक दिवसीय दिल्ली दौरे से रायपुर लौटे। इस दौरान उन्होंने भारत मंडपम में आयोजित भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में शामिल होने को महत्वपूर्ण अनुभव बताया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में सौर और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार कुल ऊर्जा खपत में 15 प्रतिशत हिस्सेदारी नवीकरणीय ऊर्जा की करने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। वहीं राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब मुद्दाविहीन हो चुकी है और बेफिजूल की बातें कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान भारत मंडपम में आयोजित भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में शामिल होने का अवसर मिला। यहां हरित ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में विकसित हो रही नई तकनीकों को देखने और समझने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ भी इस दिशा में अपनी भूमिका लगातार मजबूत कर रहा है।
ऊर्जा खपत में 15 प्रतिशत हिस्सेदारी का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कुल ऊर्जा खपत में 15 प्रतिशत योगदान नवीकरणीय ऊर्जा से सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है। इसके लिए सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से लोगों को अपने घरों में सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। राजनांदगांव जिले का खैरा गांव प्रदेश का पहला सौर ग्राम बना है, जहां ग्रामीण प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठा रहे हैं।
राज्योत्सव के समापन में शामिल होंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री का शामिल होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के विकास और समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने हाथों से सम्मान प्रदान करेंगे।
राहुल गांधी के बयान पर कांग्रेस को घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बेवजह की बातें कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता अब उसकी राजनीति को समझ चुकी है।
नक्सलवाद के मुद्दे पर भी किया पलटवार
नक्सल मुक्त पंचायतों को एक-एक करोड़ रुपये देने के मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं की ओर से उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस विषय पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है। उनके कार्यकाल में प्रदेश में नक्सलवाद का प्रभाव अधिक था और उसके खिलाफ प्रभावी लड़ाई नहीं लड़ी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से कार्रवाई कर रही है।
तीजन बाई के नाम पर शुरू होगा लोककला अलंकरण, गनियारी बनेगा कला ग्राम : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

