सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सदस्य के लिए कांग्रेस ने फूलोदेवी नेताम को प्रत्याशी बनाया है। वे दूसरी बार राज्यसभा पहुंचेंगी और उनके अनुभव का लाभ प्रदेश को मिलेगा। उनहोंने आगे कहा कि राज्यसभा के लिए कई दावेदार थे, लेकिन अंतिम निर्णय संगठन का होता है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने कभी भी राज्यसभा के लिए दावेदारी नहीं की। उनका कहना है कि मीडिया ही अक्सर उनका नाम दावेदारों में शामिल कर देता है। इस बार भी राज्यसभा को लेकर उनका नाम मीडिया में ही उछाला गया था। सिंहदेव ने राज्यसभा सदस्य के लिए दूसरी बार फूलोदेवी नेताम को चुने जाने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ का मजबूत प्रतिनिधित्व करेंगी। पिछले छह वर्षों के कार्यकाल में फूलोदेवी नेताम ने जिम्मेदारी और जागरूकता के साथ राज्यसभा में प्रदेश के मुद्दों को उठाया। सिंहदेव के अनुसार फूलोदेवी नेताम का राजनीतिक अनुभव काफी व्यापक है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधि, संगठन और विधायक के रूप में भी काम किया है। साथ ही दो बार लोकसभा चुनाव भी बहुत कम अंतर से हारी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान का यह निर्णय सही और सराहनीय है।
मीडिया के माध्यम से आता है मेरा नाम
सिंहदेव ने कहा कि अक्सर मीडिया में उनका नाम विभिन्न पदों के लिए सामने आ जाता है, जिससे अनावश्यक स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष या राज्यसभा जैसे पदों के लिए उनका नाम बार-बार मीडिया में उछाला जाता है, जबकि उन्होंने स्वयं कभी पहल नहीं की। उन्होंने कहा कि उन्होंने राज्यसभा के लिए कोई आवेदन भी नहीं दिया था और इस तरह की खबरें नहीं आनी चाहिए। सिंहदेव ने बताया कि राज्यसभा के लिए करीब 20 से 25 लोगों ने उनसे संपर्क किया था, जिनमें राजनीति में सक्रिय महिलाएं भी शामिल थीं। अंतत: इस संबंध में अंतिम निर्णय पीसीसी अध्यक्ष और पार्टी संगठन द्वारा लिया जाता है।
छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने फूलो देवी नेताम को दोबारा उम्मीदवार बनाया

