अहमदाबाद (एजेंसी)। टी-20 वर्ल्डकप 2026 के सुपर-8 स्टेज का तीसरा मैच आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।
दोनों टीमों के बीच पिछला मुकाबला 2024 के फाइनल में हुआ था, जिसमें भारत ने 7 रन से जीत दर्ज करते हुए 17 साल बाद टी-20 वर्ल्ड चैंपियन का खिताब जीता था। उस मैच में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 176 रन बनाए थे, और साउथ अफ्रीका 8 विकेट के नुकसान पर 168 रन ही बना सकी थी। टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत और साउथ अफ्रीका का पहला मैच 1 दिसंबर 2006 को खेला गया था। उस मैच में भारत ने 6 विकेट से जीत हासिल की थी। आज का मुकाबला फैंस के लिए एक बार फिर रोमांचक होने वाला है, क्योंकि दोनों टीमें पिछले फाइनलिस्ट और सुपर-8 में बेहतरीन फॉर्म में हैं।

