कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित की जाएगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिले में इस अभियान को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता और प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं जनगणना निदेशालय द्वारा विकसित एचएलओ मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं अपनी गणना करें। इस एप में कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन कर निर्धारित प्रश्नों के उत्तर देकर जानकारी दर्ज कर सकता है। जानकारी सबमिट करने के बाद प्राप्त रेफरेंस नंबर को 1 मई से 30 मई 2026 के बीच होने वाले मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणक को सत्यापन हेतु उपलब्ध कराना होगा।प्रशासन का कहना है कि डिजिटल माध्यम से जनगणना करने से अधिक सटीक और गुणवत्तापूर्ण आंकड़े प्राप्त होंगे, साथ ही नागरिकों की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कलेक्टर ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें। जनगणना के आंकड़े जनसंख्या, साक्षरता, आर्थिक गतिविधियों, आवास, सामाजिक संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए सबसे विश्वसनीय आधार होते हैं, जिनका उपयोग सरकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण और निर्वाचन क्षेत्र के परिसीमन में किया जाता है।
प्रत्येक व्यक्ति का दर्ज किया जाएगा विवरण
जनगणना 2027 दो चरणों में पूरी होगी। पहला चरण वर्ष 2026 में मकान सूचीकरण और आवासीय सुविधाओं की जानकारी एकत्र करने का होगा, जबकि दूसरा चरण वर्ष 2027 में जनसंख्या गणना का रहेगा, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति का विवरण दर्ज किया जाएगा। इस बार जनगणना में डिजिटल डेटा संग्रहण के साथ पहली बार स्व-गणना की सुविधा भी शुरू की गई है। प्रगणक द्वारा नागरिकों से प्राप्त जानकारी का सत्यापन भी किया जाएगा। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर जनगणना को सफल बनाने में सहयोग करें।

