कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा के कोरबा जोन कार्यालय में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव शिविर का महापौर संजू देवी राजपूत ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे हितग्राहियों से मुलाकात कर उनके ऋण प्रकरणों एवं जमा आवेदनों की जानकारी ली तथा अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और बैंकर्स से कहा कि पूर्व में लंबित सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए पात्र पथ विक्रेताओं को योजना से लाभान्वित किया जाए। साथ ही शिविर में प्राप्त नए आवेदनों पर भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशानुसार नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न जोनों में स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण मेला शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से शहरी पथ विक्रेताओं एवं असंगठित श्रमिकों को वित्तीय समावेशन, डिजिटल सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। शिविर के दौरान सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद युगल कैवर्त, ईश्वर पटेल, रूबीदेवी सागर, आरती सिंह, नोडल अधिकारी पवन वर्मा, सहायक नोडल अधिकारी तपन तिवारी, लीड बैंक मैनेजर कृष्ण भगत सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
पीएम स्वनिधि योजना स्ट्रीट वेंडर्स के लिये बन रही वरदान
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम स्वनिधि योजना स्ट्रीट वेंडर्स के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के तहत पथ विक्रेताओं को बिना गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। प्रथम चरण में 15 हजार रुपए, इसके बाद 25 हजार और 50 हजार रुपए तक का ऋण 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी के साथ प्रदान किया जाता है। योजना का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देना है।
इन तिथियों में लगेंगे शिविर
नगर निगम द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 5 जून को कोरबा जोन कार्यालय, 8 एवं 9 जून को टीपी नगर जोन, 11 एवं 12 जून को कोसाबाड़ी जोन, 15 एवं 16 जून को पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन, 18 एवं 19 जून को बालको जोन, 22 एवं 23 जून को दर्री जोन तथा 25 एवं 26 जून को सर्वमंगला नगर जोन में स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण मेला शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।
2.76 करोड़ के विकास कार्यों का मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने किया भूमिपूजन

