छत्तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों को iGOT पोर्टल पर दो कोर्स करना अनिवार्य, 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश

      Date:

      • सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों को जारी किया आदेश, 3 नवंबर तक शासन को देनी होगी रिपोर्ट

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों को अब तनाव दूर करने और कामकाज के तरीके में सुधार के लिए ऑनलाइन कोर्स करना होगा। राज्य शासन ने मिशन कर्मयोगी के तहत iGOT पोर्टल पर उपलब्ध दो कोर्स 31 अक्टूबर तक पूरा करना अनिवार्य कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में सभी विभागों को निर्देश जारी किए हैं।

          इनमें पहला कोर्स ‘कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन’ और दूसरा ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट थ्रू मेडिटेशन एंड योग निद्रा’ है। इन कोर्स के माध्यम से कर्मचारियों को काम के दौरान होने वाले तनाव को नियंत्रित करने और अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्धारित समय-सीमा में दोनों कोर्स पूरे करवाएं। किसी भी कर्मचारी का कोर्स लंबित नहीं रहना चाहिए। कोर्स पूरा होने की जानकारी सभी विभागों को 3 नवंबर तक शासन को देनी होगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

          शिकायतें फिर भी कम नहीं हो रहीं

          सरकारी कार्यालयों में कामकाज सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद लोगों की शिकायतें कम नहीं हो रही हैं। कई मामलों का समय पर निराकरण नहीं होने से लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। वहीं, कई फाइलें महीनों तक अटकी रहती हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बताया जा रहा है कि अब तक ज्यादातर अधिकारियों और कर्मचारियों ने ये कोर्स पूरे नहीं किए हैं। इसी वजह से शासन ने सभी विभागों को 31 अक्टूबर तक दोनों कोर्स अनिवार्य रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related