छत्तीसगढ़ में देश की पहली निकल-कॉपर खदान की उम्मीद, भालूकोना में मिला बड़ा खनिज भंडार

      Date:

      • 1.3 किमी तक ‘निकल-कॉपर-पैलेडियम’ संरचना के संकेत, लाखों टन खनिज भंडार की उम्मीद

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के भालूकोना क्षेत्र में स्थित ‘निकल-कॉपर-पैलेडियम’ खदान में दुर्लभ खनिजों के बड़े भंडार मिलने के संकेत मिले हैं। प्रारंभिक जांच में करीब 1.3 किलोमीटर तक खनिज संरचना की पुष्टि हुई है। इसे देश की पहली ऐसी खदान माना जा रहा है, जहां बड़े पैमाने पर निकल, कॉपर और पैलेडियम जैसे दुर्लभ खनिज मिलने की संभावना जताई जा रही है।

          डेक्कन गोल्ड माइंस को आवंटित इस परियोजना क्षेत्र में अब तक लगभग 430 मीटर लंबाई और 200 मीटर से अधिक गहराई तक निकल, कॉपर और पैलेडियम की उपस्थिति दर्ज की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, क्षेत्र में मिले खनिज संकेत भविष्य में बड़े भंडार की संभावना को मजबूत करते हैं। जांच के दौरान पेंटलैंडाइट, चाल्कोपायराइट और पायरोटाइट जैसे सल्फाइड खनिज पाए गए हैं। भू-वैज्ञानिकों के मुताबिक, ये खनिज भूमिगत स्तर पर निकल और कॉपर के बड़े भंडार की मौजूदगी का संकेत देते हैं। इन धातुओं का उपयोग इलेक्ट्रिक वाहनों, स्वच्छ ऊर्जा तकनीक और उन्नत विनिर्माण क्षेत्र में व्यापक रूप से किया जाता है।

          1500 मीटर ड्रिलिंग में मिले अहम संकेत

          कंपनी द्वारा अब तक नौ ड्रिल होल के जरिए लगभग 1500 मीटर तक ड्रिलिंग की जा चुकी है। प्रारंभिक विश्लेषण में कई महत्वपूर्ण निष्कर्ष सामने आए हैं। जांच में 15 मीटर गहराई तक 0.31 प्रतिशत निकल इक्विवेलेंट, 36 मीटर तक 0.23 प्रतिशत और 6 मीटर तक 0.39 प्रतिशत निकल इक्विवेलेंट दर्ज किया गया है। कुछ विशेष क्षेत्रों में इसकी मात्रा 1.29 प्रतिशत तक पाई गई है, जिसे खनन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

          मानसून के बाद तेज होगी आगे की प्रक्रिया

          डेक्कन गोल्ड माइंस के प्रबंध निदेशक डॉ. हनुमा प्रसाद मोदली ने बताया कि अब तक प्राप्त परिणाम उत्साहजनक हैं और कंपनी जल्द ही माइनिंग लीज के लिए आवेदन करेगी। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सतही सर्वेक्षण और मिट्टी परीक्षण का कार्य जारी रहेगा, जबकि बारिश समाप्त होने के बाद ड्रिलिंग अभियान को और गति दी जाएगी।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related