मंत्री लखनलाल देवांगन व महापौर ने 36 करोड़ 73 लाख रुपये की जलप्रदाय योजना का किया शुभारंभ, 60 हजार लोगों को मिलेगा लाभ

      Date:

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने सोमवार को नगर निगम कोरबा क्षेत्र में 36 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाली जलप्रदाय योजना विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया। इस योजना के पूरा होने के बाद उन बस्तियों में पानी की समस्या खत्म होगी, जहां लंबे समय से लोगों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पा रहा था।

          मंत्री लखनलाल देवांगन

          नगर निगम कोरबा द्वारा जिला खनिज न्यास मद से संचालित इस योजना के तहत 20 एमएलडी क्षमता का जल उपचार संयंत्र बनाया जाएगा। इसके अलावा इमलीडुग्गू में 12.60 लाख लीटर, दादरखुर्द में 22.50 लाख लीटर तथा रूमगरा में 10.80 लाख लीटर क्षमता वाली पानी टंकियों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही करीब 15.3 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी। योजना पूरी होने के बाद इमलीडुग्गू, मोतीसागरपारा, भिलाईखुर्द, बरबसपुर, कर्रानाला, मानिकपुर, रूमगरा, ढेलवाडीह, खरमोरा, दादरखुर्द और बेलगिरी बस्ती सहित कई इलाकों में रहने वाले लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इससे नगर निगम क्षेत्र की लगभग 60 हजार आबादी सीधे लाभान्वित होगी।

          कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से जिला खनिज न्यास निधि के रूप में जिलों को विकास की बड़ी सौगात मिली है, जिसके माध्यम से करोड़ों रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सोच है कि हर व्यक्ति को पक्का मकान, बिजली, शौचालय और घर-घर तक शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनसे आम लोगों का जीवन स्तर लगातार बेहतर हो रहा है।

          पानी की किल्लत होगी समाप्त

          वहीं महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि इस योजना के पूरा होते ही शहर की उन बस्तियों में पानी की किल्लत समाप्त हो जाएगी, जहां अभी तक कम दबाव या अनियमित जलापूर्ति की समस्या बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से कोरबा लगातार विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। यह परियोजना आने वाले समय में कोरबा शहर की पेयजल व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

          निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया निरीक्षण, जनवरी तक निर्माण पूर्ण करने के दिए निर्देश

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related