पूछताछ में खुलेंगे बड़े नेटवर्क के राज
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी और छत्तीसगढ़ डिस्टलरी के संचालक नवीन केडिया को झारखंड एसीबी टीम ने गोवा से गिरफ्तार किया है। कारोबारी नवीन केडिया लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम (एसीबी) के तहत जांच चल रही थी।
एसीबी ने उसके खिलाफ पहले ही गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखा था। गिरफ्तारी के बाद नवीन केडिया को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रांची पहुंचने के बाद आरोपी से रिमांड पर पूछताछ की जाएगी, जिससे शराब घोटाले से जुड़े नेटवर्क और लेनदेन के बारे में अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में हुए शराब घोटाले में भी नवीन केडिया का नाम सामने आया है। उस पर आरोप है कि उन्होंने सिंडिकेट को शराब सप्लाई की और इसके बदले में 243.72 करोड़ रुपए कमीशन के रूप में दिए।
कोर्ट में दाखिल की थी जमानत याचिका
नवीन केडिया ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में जमानत याचिका भी दाखिल की थी, लेकिन उससे पहले ही एसीबी ने उसे पकड़ लिया। जांच एजेंसी के अनुसार, यह मामला उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे के कार्यकाल से जुड़ा है। मई 2022 में लागू नई उत्पाद नीति के दौरान छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारियों और प्लेसमेंट एजेंसियों को झारखंड में काम दिए जाने का आरोप है। आरोप है कि इन कारोबारियों और एजेंसियों से कमीशन के तौर पर मोटी रकम ली गई, और इसके बदले उन्हें झारखंड में शराब कारोबार से जुड़े ठेके और काम दिए गए।

