अहमदाबाद (एजेंसी) (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रधानमंत्री मोदी गुजरात दौरे पर हैं। वहां पीएम ने गुजरात स्थित टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी प्लांट में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन की शुरुआत की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब दुनिया के दर्जनों देशों में जो ईवी चलेगी, उसपर लिखा होगा- मेड इन इंडिया। उन्होंने आगे कहा कि यह प्लांट तोशिबा, डेंसो और सुजुकी का संयुक्त उद्यम है। इस कार्यक्रम में पीएम को सम्मानित किया गया। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने हंसलपुर प्लांट से मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) की पहली ग्लोबल इलेक्ट्रिक कार ई-विटारा (e-Vitara) को हरी झंडी दिखाई। इसी दौरान उन्होंने हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड उत्पादन संयंत्र का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने इसे भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक करार दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, गणेश उत्सव के इस उल्लास में आज भारत की मेक इन इंडिया यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वल्र्ड हमारे उस लक्ष्य की ओर एक बड़ी छलांग है। आज से भारत में बनी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स 100 देशों को एक्सपोर्ट की जाएंगी। साथ ही आज हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोल मैन्युफैक्चरिंग की भी शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि यह दिन भारत और जापान की दोस्ती को भी एक नया आयाम दे रहा है। मैं सभी देशवासियों, जापान और सुज़ुकी कंपनी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। भारत की सफलता की कहानी के बीज करीब 13 साल पहले बोए गए थे। 2012 में जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब मैंने मारुति सुज़ुकी को हंसलपुर में जमीन अलॉट की थी। विजन उस समय भी आत्मनिर्भर भारत का था, मेक इन इंडिया का था। हमारे तब के प्रयास आज देश के संकल्पों को पूरा करने में इतनी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत के पास लोकतंत्र की शक्ति है। भारत के पास जनसांख्यिकी का सकारात्मक फैक्टर है। हमारे पास कुशल कार्यबल का बहुत बड़ा पूल भी है। इसलिए ये हमारे हर साथी के लिए विन-विन सिचुएशन यानी फायदा ही फायदा वाली स्थिति बनाता है। आज सुज़ुकी जापान भारत में मैन्युफैक्चरिंग कर रही है, और यहां बनी गाडिय़ां वापस जापान को एक्सपोर्ट की जा रही हैं। यह भारत और जापान के रिश्तों की मजबूती का प्रतीक तो है ही, साथ ही भारत को लेकर ग्लोबल भरोसे को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। ऐसे समय में कोई भी राज्य पीछे नहीं रहना चाहिए। हर राज्य को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। हिंदुस्तान आने वाले निवेशकों को इतना कन्फ्यूजन होना चाहिए कि वे सोचें, मैं इस राज्य में जाऊं या उस राज्य मेंज्। मैं सभी राज्यों को निमंत्रण देता हूं कि आइए, रिफॉर्म (सुधार) की स्पर्धा करें, विकास समर्थित नीति (Pro-Development Policies) की स्पर्धा करें, सुशासन की स्पर्धा करें। 2047 तक विकसित भारत बनाने की गति को और तेज करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
20 लाख से शुरू हो सकती है कीमत
मारुति ई विटारा के 49kWh बैटरी पैक वाले बेस मॉडल की कीमत 20 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) रखी जा सकती है। वहीं, हाई पावर वाली मोटर के साथ 61kWh बैटरी पैक वाले मॉडल की कीमत 25 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) हो सकती है। इसके अलावा ई-ऑलग्रिप AWD वर्जन की कीमत 30 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) रखी जा सकती है। भारतीय बाजार में ई विटारा इलेक्ट्रिक SUV का मुकाबला MG ZS EV, टाटा कर्व EV और हुंडई क्रेटा EV और महिंद्रा BE05 से रहेगा।
Amrit Rajat Mahotsav : अमृत रजत महोत्सव में छत्तीसगढ़ आएंगे प्रधानमंत्री मोदी