मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 9 दिसंबर से, 7,500 पदों के लिए 7.5 लाख आवेदन

      Date:

      • हर पद के लिए करीब 100 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला, प्रवेश पत्र जल्द होंगे जारी

      भोपाल (एजेंसी)।  मध्यप्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का इंतजार खत्म हो गया है। कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने आरक्षक (जीडी) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 की नई तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा अब 9 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इसके प्रवेश पत्र जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

          पहले यह परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होनी थी, लेकिन पुलिस विभाग की अन्य परीक्षा और अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था। पुलिस विभाग में कुल 7,500 आरक्षकों की भर्ती की जाएगी। इनमें 6,800 पद सामान्य ड्यूटी आरक्षक और 700 पद विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के हैं। इन पदों के लिए करीब 7.5 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस तरह प्रत्येक पद के लिए औसतन 100 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा। भर्ती में न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के बावजूद बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित युवाओं ने आवेदन किया है। इनमें पीएचडी धारक, बीई-बीटेक, स्नातकोत्तर और स्नातक अभ्यर्थियों के साथ डिप्लोमा, आईटीआई, हायर सेकेंडरी, हाईस्कूल और आठवीं पास युवा भी शामिल हैं।

          गृह जिले में नहीं मिलेगी पदस्थापना

          भर्ती नियमों के अनुसार चयनित आरक्षकों को उनके गृह जिले में पदस्थापना नहीं दी जाएगी। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को प्रदेश के 55 जिलों में से पसंद की इकाई चुनने का विकल्प दिया गया था। नियुक्ति के बाद संबंधित इकाई में कम से कम पांच साल सेवा करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही स्थानांतरण हो सकेगा। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति भोपाल, इंदौर और जबलपुर की शासकीय रेल पुलिस में भी की जाएगी।

          आधार से होगा बायोमेट्रिक सत्यापन

          परीक्षा केंद्रों पर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा। परीक्षा एक से अधिक पालियों में आयोजित होने पर अंकों का सामान्यीकरण किया जाएगा। इसके तहत अलग-अलग पालियों के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर को ध्यान में रखकर अंकों में संतुलन बनाया जाएगा। मंडल ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश पत्र और परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related