कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के रजगामार क्षेत्र में 4 दिन से लापता 7 वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। मामले के मुख्य संदेही अमित चौहान को घटनास्थल से करीब 60 किलोमीटर दूर बांगो के जंगलों से गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक 7 वर्षीय मासूम कई दिनों से लापता थी। परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच 22 अक्टूबर को बच्ची का शव रजगामार क्षेत्र में एक पोल्ट्री फार्म के पीछे बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मासूम की हत्या की खबर से लोगों में आक्रोश फैल गया। मासूम का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी थी। इसी दौरान मुख्य संदेही अमित चौहान के गांव छोड़कर फरार होने की जानकारी सामने आई। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। मामले को लेकर पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा कर सकती है।
मासूम की हत्या से क्षेत्र में आक्रोश
7 वर्षीय की मौत से रजगामार सहित आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस के आधिकारिक खुलासे और मामले में आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।

