रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर महिलाओं को लेकर इतनी चिंता है, तो “विष्णु जी, कौशल्या भाभी को मुख्यमंत्री बना दीजिए।”
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि जनसंघ, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और भाजपा ने कभी महिलाओं को शीर्ष नेतृत्व में पर्याप्त अवसर नहीं दिया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की बातें करने वाली भाजपा अपने संगठन और सत्ता में महिलाओं को बराबरी का स्थान देने में विफल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने की पहल सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने की थी। यदि उस समय भाजपा ने विरोध नहीं किया होता, तो वर्ष 1989 में ही महिला आरक्षण कानून लागू हो गया होता।
पंचायत राज से बदली तस्वीर
भूपेश बघेल ने पंचायत राज व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में इसे लागू किए जाने के बाद 1995 में चुनाव हुए, जिससे लाखों महिलाएं राजनीति में आईं। आज बड़ी संख्या में महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिला आरक्षण और महिला भागीदारी की समर्थक रही है। महिलाओं को राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए कांग्रेस ने लगातार प्रयास किए हैं।

