प्रदर्शनकारियों ने तोड़ी बैरिकेडिंग; 1,000 से अधिक लोग हिरासत में, झड़प में युवक घायल
नई दिल्ली (एजेंसी)। दिल्ली में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर की ओर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और मिंटो ब्रिज सहित विभिन्न इलाकों से अब तक एक हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे आकाशवाणी भवन के पास इम्तियाज अली मार्ग पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार कर दी। इस दौरान पुलिस पर पत्थर फेंके जाने की खबर है, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान एक प्रदर्शनकारी के सिर में चोट लगी। प्रदर्शनकारी संगठन सीजेपी मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को रोकने की मांग कर रहा है। इसी मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन आयोजित किया गया था।

