30.96 करोड़ रुपये होंगे खर्च, 15 साल पुरानी समस्या से मिलेगी राहत, कोतवाली क्षेत्र और रेलवे स्टेशन के बीच आवागमन होगा आसान
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। शहर के संजय नगर रेलवे फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या से लोगों को राहत दिलाने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। उद्योग एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में संजय नगर वायशेप अंडरब्रिज निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना के लिए जिला खनिज न्यास मद से 30 करोड़ 96 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
रेलवे फाटक बार-बार बंद होने के कारण पिछले करीब 15 वर्षों से शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। रेलवे स्टेशन जाने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित इस फाटक के बंद होने से लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। कई बार लोगों को पुराना बस स्टैंड और दर्री रोड होते हुए नहर मार्ग से होकर जाना पड़ता था। अंडरब्रिज के निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिला खनिज न्यास मद के माध्यम से कोरबा के विकास को गति मिल रही है। इस राशि से जिले में बड़ी परियोजनाओं के साथ-साथ छोटे-छोटे विकास कार्यों को भी पूरा कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि संजय नगर वायशेप अंडरब्रिज का निर्माण लगभग एक से सवा साल में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके तैयार होने से एक ओर कोतवाली क्षेत्र और दूसरी ओर रेलवे स्टेशन तक पहुंचना आसान होगा। परियोजना के दायरे में आने वाली शासकीय भूमि पर बने मकानों के मालिकों को क्षतिपूर्ति राशि भी प्रदान की गई है।
सुनालिया पुल से राताखार तक बनेगा नया मार्ग
मंत्री देवांगन ने बताया कि शहर में आवागमन को और बेहतर बनाने के लिए सुनालिया पुल से राताखार की ओर नहर किनारे एक अन्य मार्ग और पुल का निर्माण भी प्रस्तावित है। इस परियोजना पर करीब 22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इन कार्यों से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
हादसों और जाम से मिलेगी राहत : महापौर
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि वह संजय नगर वार्ड से पार्षद रह चुकी हैं और इस रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से होने वाली परेशानियों से भली-भांति परिचित हैं। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। अंडरब्रिज बनने से आवागमन सुगम होगा और फाटक के आसपास होने वाली दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
व्यापारियों और आम नागरिकों को होगा फायदा
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि पुराने शहर की बड़ी आबादी लंबे समय से रेलवे फाटक के कारण परेशान रही है। फाटक बंद होने पर व्यापारियों, स्थानीय निवासियों और राहगीरों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। कई लोगों को वैकल्पिक मार्गों से लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि अंडरब्रिज निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में कदम बढ़ा है। इसके पूरा होने के बाद शहर के इस हिस्से में यातायात सुगम होगा और लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
शिक्षा में आगे बढ़ेंगे विद्यार्थी, तभी पूरा होगा विकसित भारत का सपना : मंत्री लखनलाल देवांगन

