बच्चों व महिलाओं के विकास को मिलेगी नई गति
बिहार। वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बिहार में बच्चों और महिलाओं के समग्र विकास के लिए अनिल अग्रवाल फाउंडेशन और बिहार सरकार के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की जानकारी दी। इस पहल के तहत राज्य में नंद घर मॉडल का विस्तार किया जाएगा, जिससे प्रारंभिक शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि बिहार से उनका जुड़ाव केवल जन्मभूमि का नहीं, बल्कि उन संस्कारों का भी है जिन्होंने उनके जीवन को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन के शुरुआती छह वर्ष उनके भविष्य की मजबूत नींव होते हैं, इसलिए नंद घरों के माध्यम से उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि नंद घर केवल बच्चों के विकास तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिलाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का भी माध्यम बनेगा। उनका कहना था कि एक सशक्त महिला पूरे परिवार और समाज के विकास की आधारशिला होती है। अनिल अग्रवाल ने इस पहल के लिए बिहार सरकार, संबंधित विभागों और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इसे राज्य के सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में बिहार के औद्योगिक विकास को गति देना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
बालको ने रन फॉर जीरो हंगर में चौथी बार दिया पोषणयुक्त मील का योगदान

