गौतम अडाणी बने एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति, मुकेश अंबानी को छोड़ा पीछे

      Date:

      • नेटवर्थ 8.59 लाख करोड़, मुकेश अंबानी ₹8.42 लाख करोड़ नेटवर्थ के साथ दूसरे नंबर पर

      नई दिल्ली (एजेंसी)। अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का ताज अपने नाम कर लिया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार उनकी कुल संपत्ति बढ़कर 92.6 अरब डॉलर (करीब 8.59 लाख करोड़ रुपए) पहुंच गई है। इसके साथ ही उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है।

          गौतम अडाणी

          अब तक मुकेश अंबानी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति थे। उनकी मौजूदा नेटवर्थ 90.8 अरब डॉलर (करीब 8.42 लाख करोड़ रुपए) आंकी गई है। वैश्विक अमीरों की सूची में गौतम अडाणी 19वें और मुकेश अंबानी 20वें स्थान पर हैं। साल 2026 की शुरुआत से अब तक गौतम अडाणी की संपत्ति में 8.1 अरब डॉलर (करीब 75 हजार करोड़ रुपए) की बढ़ोतरी हुई है। अडाणी समूह के शेयरों में तेजी का सीधा लाभ उनकी कुल संपत्ति पर पड़ा है। वहीं दूसरी ओर मुकेश अंबानी की संपत्ति में इस वर्ष 16.9 अरब डॉलर (करीब 1.57 लाख करोड़ रुपए) की गिरावट दर्ज की गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में उतार-चढ़ाव इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है।

          एक दिन में 33 हजार करोड़ की छलांग

          शेयर बाजार के पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स जहां गिरावट के साथ बंद हुआ, वहीं अडाणी समूह के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इसका असर यह रहा कि गौतम अडाणी की संपत्ति महज एक दिन में 3.56 अरब डॉलर यानी करीब 33 हजार करोड़ रुपए बढ़ गई। इसी उछाल ने उन्हें मुकेश अंबानी से आगे निकलने में निर्णायक भूमिका निभाई।

          दुनिया के सबसे अमीर बने हुए हैं इलॉन मस्क

          ब्लूमबर्ग की वैश्विक सूची में इलॉन मस्क 656 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। उनके बाद लैरी पेज दूसरे और जेफ बेजोस तीसरे स्थान पर हैं। वैश्विक अमीरों की टॉप-20 सूची में भारत के दो उद्योगपतियों का शामिल होना देश की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाता है। अडाणी और अंबानी के बीच एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति की प्रतिस्पर्धा लंबे समय से जारी है, जो बाजार की चाल के साथ बदलती रहती है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related