मेयर संजूदेवी राजपूत ने प्रगतिनगर दर्री में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट व जमनीपाली में निर्माणाधीन हाईटेक बस स्टैण्ड निर्माण कार्य का किया औचक निरीक्षण
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। महापौर संजू देवी राजपूत ने प्रगतिनगर दर्री में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं जमनीपाली (दर्री) में बन रहे हाईटेक बस स्टैंड के निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं को निर्माण कार्यों में गति लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

महापौर श्रीमती राजपूत ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा भारत सरकार की अमृत मिशन 2.0 योजना के अंतर्गत प्रगतिनगर दर्री में 33 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्मित कराया जा रहा है। इस प्लांट के माध्यम से कोरबा शहर के 11 प्रमुख नालों से निकलने वाले प्रदूषित जल का शुद्धिकरण किया जाएगा। इससे हसदेव नदी में गंदे पानी के प्रवाह पर रोक लगेगी तथा शुद्ध किया गया जल एनटीपीसी द्वारा अपने संयंत्र संचालन सहित अन्य कार्यों में उपयोग किया जाएगा।
इसी प्रकार, प्रतीक्षा बस स्टैंड जमनीपाली (दर्री) में हाईटेक बस स्टैंड परियोजना के अंतर्गत बस डिपो, प्रशासनिक भवन, आंतरिक अधोसंरचना विकास, सबस्टेशन स्थापना सहित अन्य विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, जो वर्तमान में प्रगति पर हैं। महापौर ने स्थल पर पहुंचकर सभी कार्यों का सघन निरीक्षण किया और अधिकारियों को अपेक्षित गति के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद दीपक यादव, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, सोमनाथ डेहरे, प्रमोद जगत, मुस्ताक अहमद, कौशल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

