नई दिल्ली (एजेंसी) (AKHANDBHARATHNKP.COM)। दिल्ली ब्लास्ट: भारत की राजधानी दिल्ली में लाल किला के पास सोमवार को हुए भीषण कार ब्लास्ट की जांच जारी है। दिल्ली पुलिस समेत देश की तमाम एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और धमाके के कारण की जांच कर रही हैं। पुलिस ने घटना की जांच करते हुए कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। अब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पड़ोसी देश भूटान में यात्रा के दौरान इस घटना पर बात की है। पीएम मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है और कहा है कि इसमें शामिल किसी भी साजिशकर्ता को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है। मैं भूटान बहुत भारी मन से आया हूं। पूरी रात इस घटना की जांच से जुड़ी एजेंसियों के साथ में मीटिंग करता रहा। पूरा देश पीडि़त परिवार के साथ खड़ा है। मैं पीडि़त परिवारों का दर्द समझा हूं। एजेंसियां इस साजिश की तह तक जाएंगी। किसी भी साजिशकर्ता को बख्शा नहीं जाएगा।
दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा : राजनाथ सिंह
दिल्ली ब्लास्ट केस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की जांच जारी है। जांच की जानकारी जल्द सार्वजनिक करेंगे। धमाके के जिम्मेदार बख्शे नहीं जाएंगे। दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली में हुई दुखद दुर्घटना में मारे गए सभी लोगों के प्रति मैं अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस गहन दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति और सांत्वना प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मैं अपने सभी देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि देश की प्रमुख जांच एजेंसियां इस घटना की त्वरित और गहन जांच कर रही हैं। जांच के निष्कर्ष जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे। मैं देशवासियों को दृढ़ता से आश्वस्त करना चाहता हूं कि इस त्रासदी के लिए जि़म्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
12 पहुंची मृतकों की संख्या
दिल्ली ब्लास्ट लाल किला के पास कार में विस्फोट की तीव्रता इतनी भयानक थी कि आस पास मौजूद अन्य गाडिय़ों और लोगों के परखच्चे उड़ गए। अब तक इस घटना में मरने वालों की संख्या 12 हो गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। वहीं, 20 से ज्यादा लोग घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर है। बता दें कि लाल किला मेट्रो के गेट नंबर एक के पास धीमी गति से चल रही एक कार में शक्तिशाली विस्फोट हुआ था।
दिल्ली : चलती कार में धमाका, 11 की मौत, प्रधानमंत्री मोदी ने अमित शाह से की बात

