नीदरलैंड के बाद तुर्किये में भी शानदार प्रदर्शन, चोट से उबरकर की दमदार वापसी
दुर्ग-भिलाई (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी और दुर्ग पुलिस में डीएसपी के पद पर पदस्थ आकर्षि कश्यप ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने दो सप्ताह के भीतर नीदरलैंड और तुर्किये में आयोजित दो अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में रजत पदक हासिल किए हैं। चोट से उबरने के बाद लगातार दो पदक जीतकर उन्होंने खेल के मैदान में दमदार वापसी की है।
नीदरलैंड में आयोजित प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में आकर्षि ने डेनमार्क की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अमाली शुल्ज को सीधे सेटों में हराया। उन्होंने यह मुकाबला 21-15 और 21-13 से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी प्रतिस्पर्धी क्षमता को साबित किया और उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया। नीदरलैंड में सफलता के बाद आकर्षि कश्यप ने तुर्किये अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन चैलेंज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। यहां भी उन्होंने अपने खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। इस प्रतियोगिता के दौरान आकर्षि ने तीन दिनों में पांच मुकाबले खेले। लगातार मैच खेलने के कारण खिलाड़ियों पर शारीरिक दबाव बढ़ जाता है, लेकिन उन्होंने चुनौती का सामना करते हुए अपना प्रदर्शन बरकरार रखा और लगातार दूसरी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक हासिल किया। चोट के कारण खेल से प्रभावित होने के बाद आकर्षि कश्यप की यह वापसी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लगातार दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतकर उन्होंने अपनी मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और खेल के प्रति समर्पण का परिचय दिया है।
अब जर्मनी की प्रतियोगिता पर नजर
आकर्षि कश्यप का अगला लक्ष्य जर्मनी में आयोजित होने वाली हायलो ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता है। यह प्रतियोगिता 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इसमें भाग लेने के लिए आकर्षि 23 अक्टूबर को रवाना होंगी। नीदरलैंड और तुर्किये में लगातार दो रजत पदक जीतने के बाद अब उनसे जर्मनी में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। उनके इस प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ के खेल जगत में उत्साह है।

