सीबीएसई पैटर्न के नाम पर एडमिशन, अब सीजी बोर्ड परीक्षा का दबाव, अभिभावकों ने किया हंगामा

      Date:

      बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बिलासपुर में ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की मान्यता को लेकर विवाद गहरा गया है। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को सीबीएसई पैटर्न के नाम पर दाखिला दिया और उसी आधार पर फीस भी ली, लेकिन अब परीक्षा के समय उन्हें छत्तीसगढ़ बोर्ड की परीक्षा दिलाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

          बिलासपुर

          इस मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को अपनी समस्या से अवगत कराया। मामला शांत नहीं होने पर देर रात अभिभावक कलेक्टर बंगले पहुंच गए और वहां घेराव कर विरोध जताया। अभिभावक मांग कर रहे हैं कि उनके बच्चों को सीबीएसई से संबद्ध प्रमाणपत्र दिया जाए। बता दें कि शहर में ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की तीन शाखाएं संचालित हो रही हैं। बहतराई स्थित मुख्य शाखा में बारहवीं तक की पढ़ाई होती है, जबकि मिशन अस्पताल रोड और व्यापार विहार की शाखाओं में आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई कराई जाती है। अभिभावकों का कहना है कि शुरुआत से ही स्कूल प्रबंधन बच्चों को सीबीएसई पैटर्न से पढ़ाने का दावा करता रहा, लेकिन हाल ही में पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षा को लेकर सामने आई जानकारी से मामला उलझ गया।

          सीजी बोर्ड परीक्षा को लेकर बढ़ा विवाद

          छत्तीसगढ़ सरकार ने इस वर्ष पांचवीं और आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं कराने का फैसला किया है। ऐसे में कई निजी स्कूलों में पहले ही स्थानीय स्तर पर परीक्षाएं कराई जा चुकी हैं। शासन के निर्णय के बाद अब इन स्कूलों को दोबारा बोर्ड परीक्षा आयोजित करनी होगी। इसी बीच स्कूल प्रबंधन द्वारा छात्रों को सीजी बोर्ड की परीक्षा दिलाने की बात कही गई, जिससे अभिभावकों को स्कूल की वास्तविक मान्यता पर संदेह होने लगा। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की वार्षिक परीक्षा पहले ही हो चुकी है, लेकिन अब दोबारा बोर्ड परीक्षा देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

          सीबीएसई के नाम पर फीस वसूली का आरोप

          अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि स्कूल प्रबंधन ने सीबीएसई बोर्ड का नाम लेकर एडमिशन कराया और उसी आधार पर मोटी फीस वसूली। जबकि वास्तविकता में स्कूल सीबीएसई से संबद्ध नहीं है। अचानक सीजी बोर्ड की परीक्षा दिलाने की बात सामने आने से पांचवीं और आठवीं के सैकड़ों बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।

          देर रात स्कूल और कलेक्टर बंगले पर विरोध

          नाराज अभिभावक सोमवार रात स्कूल परिसर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे और जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद अभिभावक सिविल लाइन थाने होते हुए कलेक्टर बंगले पहुंच गए और वहां भी घेराव कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम मनीष साहू, एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह और टीआई प्रदीप आर्य समेत पुलिस अधिकारी कलेक्टर बंगले पहुंचे और स्थिति को संभाला।

          प्रशासन ने दिया जांच का आश्वासन

          अधिकारियों ने अभिभावकों को समझाइश देते हुए भरोसा दिलाया कि इस मामले में स्कूल प्रबंधन से चर्चा कर उचित कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम मनीष साहू ने कहा कि अभिभावकों की शिकायत पर स्कूल प्रबंधन से बात कर स्थिति स्पष्ट की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद अभिभावक शांत हुए और देर रात अपने घर लौट गए। हालांकि, बच्चों के भविष्य को लेकर अभिभावकों की चिंता अब भी बनी हुई है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related