प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में माओवाद पर निर्णायक विजय, सीएम साय ने जताया आभार
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के 31 मार्च 2026 को माओवादी आतंक से मुक्त होने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शहीद जवानों और बस्तर की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र, सुरक्षा बलों और आम जनता के सामूहिक संकल्प और प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को इस अभियान की आधारशिला बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, दूरदर्शिता और निरंतर प्रेरणा से माओवादी हिंसा के खिलाफ निर्णायक लड़ाई संभव हो सकी। उन्होंने वर्ष 2015 में दंतेवाड़ा में दिए गए प्रधानमंत्री के उस संदेश को भी याद किया, जिसमें युवाओं से हिंसा का मार्ग छोड़कर मानवता और विकास की राह अपनाने की अपील की गई थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को माओवादी उन्मूलन की रणनीति का प्रमुख शिल्पी बताते हुए सीएम साय ने कहा कि उनके स्पष्ट संकल्प, ठोस रणनीति और सतत निगरानी से यह लक्ष्य तय समय में हासिल किया जा सका। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों को आवश्यक संसाधन और दिशा मिली, जिससे माओवादी नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई संभव हुई।
शहीदों के बलिदान से मिली सफलता
मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके सर्वोच्च बलिदान ने इस ऐतिहासिक सफलता की नींव रखी है। उन्होंने कहा कि हजारों जवानों ने देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। सीएम साय ने बस्तर की जनता के साहस और विश्वास को इस परिवर्तन का सबसे बड़ा आधार बताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों और धमकियों के बावजूद लोगों ने लोकतंत्र में आस्था बनाए रखी, जिससे यह बदलाव संभव हुआ।
बस्तर में विकास का नया दौर शुरू
उन्होंने कहा कि सरकार ने माओवादी हिंसा का रास्ता छोडऩे वालों का स्वागत किया है और उन्हें मुख्यधारा से जोडऩे के लिए पुनर्वास और विकास की योजनाएं चलाई हैं। यह परिवर्तन केवल सुरक्षा अभियानों का परिणाम नहीं, बल्कि विश्वास, विकास और समन्वित प्रयासों का नतीजा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बस्तर में एक नए युग की शुरुआत हो चुकी है, जहां बच्चे निर्भय होकर स्कूल जाएंगे, महिलाएं सुरक्षित वातावरण में जीवन जी सकेंगी और गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ अब शांति, सुरक्षा और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
सरकार हर बेटी के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य के लिए संकल्पित: मुख्यमंत्री

