रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में नगर सैनिकों (होमगार्ड) को अब हर माह 30,870 रुपए मिलेंगे। अभी तक उन्हें 19,500 रुपए प्रतिमाह मानदेय मिल रहा था। मानदेय में महंगाई भत्ता और वर्दी धुलाई भत्ता भी शामिल है। प्रदेश के करीब 7,900 नगर सैनिकों को इसका फायदा मिलेगा।
नगर सैनिकों को 19,500 रुपए मूल मानदेय, 58 % की दर से 11,310 रुपए महंगाई भत्ता और 60 रुपए वर्दी धुलाई भत्ता मिलेगा। इस तरह कुल राशि 30,870 रुपए प्रतिमाह होगी। यानी प्रतिदिन के हिसाब से करीब 1,029 रुपए मिलेंगे। नगर सैनिकों के मानदेय में इससे पहले भी बढ़ोतरी की गई थी। वर्ष 2017 में इसे 10 हजार से बढ़ाकर 13,200 रुपए प्रतिमाह किया गया था। इसके बाद 30 मई 2023 को जारी आदेश के तहत 1 अप्रैल 2023 से मानदेय में 6,300 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इससे मानदेय 19,500 रुपए प्रतिमाह हो गया था। गृह विभाग ने मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव के पीछे न्यायालय के निर्देशों, महंगाई और नगर सैनिकों की ड्यूटी के दौरान जिम्मेदारियों को आधार बताया है। मानदेय बढ़ाने के फैसले पर नगर सैनिकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया है।

