जशपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। जशपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करडेगा से कुनकुरी आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक बच्चे समेत 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की बताई जा रही है। बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। यह हादसा करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास हुआ। बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कई घायल यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में भी रेफर किया जा सकता है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और मौके पर एम्बुलेंस भेजी गई। पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी हुई है।
घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
इधर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की ओर से सभी घायलों के बेहतर इलाज के लिए तत्काल निर्देश जारी किए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

