नगर निगम, सीजी बायोफ्यूल और गेल इंडिया के बीच हुआ एमओयू
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा के बहुप्रतीक्षित बायो गैस संयंत्र प्रोजेक्ट को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। संयंत्र स्थापना के लिए नगर पालिक निगम कोरबा, छत्तीसगढ़ बायो फ्यूल डेवलपमेंट अथॉरिटी और गेल इंडिया लिमिटेड के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। एमओयू कार्यक्रम महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और कलेक्टर कुणाल दुदावत की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। निगम की ओर से आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सीजी बायोफ्यूल से सीईओ सुमित सरकार तथा गेल इंडिया से महाप्रबंधक किशोर कुमार ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
निगम के स्वच्छता अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत शहर से प्रतिदिन निकलने वाले गीले कचरे से बायो गैस उत्पादन की दिशा में अब धरातलीय स्तर पर कार्य शुरू होगा। नगर निगम क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग 150 टन से अधिक कचरा उत्सर्जित होता है, जिसमें औसतन 50 से 65 टन गीला कचरा शामिल रहता है। इस गीले कचरे के समुचित प्रबंधन और निपटान की चुनौती को देखते हुए यह परियोजना शुरू की गई है। संयंत्र की स्थापना ग्राम बरबसपुर स्थित शासकीय भूमि पर की जाएगी, जो निगम को आबंटित है। भूमि को सुरक्षित कर लिया गया है और एमओयू के बाद अब निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। निर्धारित समयसीमा के अनुसार अधिकतम 24 माह में संयंत्र से उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
ईंधन के साथ तैयार होगी जैविक खाद
परियोजना के तहत गीले कचरे से बायो गैस का उत्पादन किया जाएगा, जिसका उपयोग ईंधन के रूप में किया जा सकेगा। इसके साथ ही जैविक खाद भी तैयार होगी, जिसका उपयोग कृषि और बागवानी कार्यों में किया जा सकेगा। नगर निगम का मानना है कि इस संयंत्र के शुरू होने से शहर में कचरा प्रबंधन की समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

