कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। पोड़ी उपरोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सेन्हा (छपार पारा) में जमीन विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। बड़े भाई ने छोटे भाई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पसान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 2 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 12 बजे दयाराम यादव महुआ बीनकर घर लौट रहा था। इसी दौरान जमीन बंटवारे को लेकर उसके बड़े भाई कल्याण यादव से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपी ने लाठी से दयाराम के सिर, नाक, पीठ और पैरों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। जान बचाने के लिए भाग रहे दयाराम को आरोपी ने पकड़कर जमीन पर पटक दिया और गला दबा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। परिजन उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल गौरेला रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। प्रार्थी बैसाखू यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। ग्राम रक्षा दल के व्हाट्सऐप ग्रुप और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी के साढ़ामार क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पसान पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने जमीन विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

