कोरबा में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी, पांच ब्लॉक कमेटियां बनाने का प्रस्ताव पारित

      Date:

      • 29 अक्टूबर को एआईसीसी पदाधिकारी अन्नव ज्योति पटनायक और पूर्व मंत्री उमेश पटेल का कोरबा आगमन

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान और संगठन प्रभारी अन्नव ज्योति पटनायक तथा कोरबा शहर प्रभारी एवं पूर्व मंत्री उमेश पटेल 29 अक्टूबर  को कोरबा आएंगे। इस दौरान वे जिला कांग्रेस कमेटी शहर सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, ओबीसी प्रकोष्ठ, सेवादल, अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ, ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की बैठक लेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय, टीपी नगर में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की विशेष उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई।

          वोट चोर गद्दी छोड़

          बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ कमेटियों का गठन कर संगठन को मजबूत बनाना पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को स्वयं बूथ स्तर तक पहुंचना होगा। उन्होंने कहा कि विधायक, पूर्व विधायक तथा प्रदेश, जिला, ब्लॉक, मंडल और वार्ड के प्रमुख पदाधिकारियों को उनके निवास वाले बूथ में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने बूथ कमेटियों का गठन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने की बात कहते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि बूथ कमेटी के स्थान पर ‘भूत कमेटी’ बन जाए। उन्होंने बताया कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में चार ब्लॉक कमेटियां हैं। इनमें दर्री-जमनीपाली में 14 वार्ड और 60 बूथ, बालको में 10 वार्ड और 45 बूथ, कुसमुंडा में 6 वार्ड और 20 बूथ तथा कोरबा में 37 वार्ड और 174 बूथ शामिल हैं।

          जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा ब्लॉक कमेटी को दो भागों में विभाजित कर एक नई ब्लॉक कमेटी बनाने का प्रस्ताव रखा। इससे कुल पांच ब्लॉक कमेटियां गठित होंगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा से जुड़े कई सक्रिय लोगों को अब तक अवसर नहीं मिला है। ऐसे लोगों को संगठन में आगे लाकर उनकी क्षमता का उपयोग किया जाना चाहिए।

          55 नए मतदान केंद्रों पर नियुक्त होंगे सक्रिय कार्यकर्ता

          पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या 244 से बढ़कर 299 हो गई है। ऐसे में नए सहित सभी बूथों पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को उनके निवास वाले मतदान केंद्र में बीएलए नियुक्त करने की जरूरत है। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर दो सक्रिय कार्यकर्ताओं या पदाधिकारियों को जिम्मेदारी देने पर जोर दिया। पूर्व सभापति श्यामसुंदर सोनी ने कहा कि नवनियुक्त ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों में अधिकांश युवा चेहरे हैं, जो कांग्रेस के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है। वार्ड और बूथ कमेटियों में सभी सक्रिय कार्यकर्ताओं को स्थान दिया जाना चाहिए, ताकि संगठन में नई ऊर्जा और जोशीला नेतृत्व सामने आए। उन्होंने कहा कि संगठन में नियुक्ति केवल पद नहीं, बल्कि जनता से जुड़ने और पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी है।

          समन्वय से मजबूत होगा संगठन

          पूर्व जिलाध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने ब्लॉक, मंडल और जिला कांग्रेस कमेटियों के साथ ही ब्लॉक व मंडल प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में समन्वय बनाकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का लाभ आने वाले चुनावों में मिल सकता है। जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ठाकुर ने कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े और विरोधी ताकतों का हर स्तर पर सामना करने वाले लोगों को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता बताई। महिला प्रदेश पदाधिकारी रेखा त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और शोषित वर्ग के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाली विचारधारा है। बैठक में बिजली की बढ़ी हुई दरें वापस लेने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर भी आवाज बुलंद की गई।

          पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

          बैठक का संचालन जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर ने किया, जबकि महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ महिला नेत्री अर्चना उपाध्याय, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, सांसद प्रतिनिधि मोहन प्रधान, पार्षद नारायण कुर्रे, रवि चंदेल, अविनाश बंजारे, मस्तुल कंवर, गीता गभेल, बद्री किरण, पालुराम साहू, बसंत चंद्रा, मनहरण राठौर, संजू अग्रवाल, संतोष यादव, रमेश वर्मा, डॉ. डी.आर. नेताम, सुरेश पटेल, महेंद्र थवाईत, एफ.डी. मानिकपुरी, गजानंद साहू, सपना चौहान, गिरधारी बरेठ, प्रदीप पुरायणे, दुष्यंत शर्मा, मनीष शर्मा, सुकसागर निर्मलकर, जवाहर निर्मलकर, बुद्धेश्वर चौहान, रोपा तिर्की, राकेश पंकज, अशोक लोध, सुखनंदन सोनकर, डॉ. रामगोपाल यादव, प्रमोद श्रीवास, रवि खुंटे और जे.पी. नामदेव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related