जिगना/कोरबा। (AkhandBharatHNKP.Com)। परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी ने अंधविश्वास, रूढ़िवाद, कुरीतियों, आडंबर, पाखंड का कड़ा विरोध कर यथार्थ के साथ आध्यात्मिक चेतना की सत्यता को बड़े ही पवित्रता के साथ वैश्विक पटल और जन जन के हृदय में पहुंचाया । वे वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखते थे। वे अलौकिक शक्ति के स्वामी, करुणा, दया और कल्याण के प्रतिमूर्ति थे। पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी का महानिर्वाण दिवस के अवसर पर परम् पूज्य औघड़ संत श्री प्रियदर्शी राम जी के श्रीमुख से आशीर्वचन का धर्म बंधु, माताये, बहने व भक्तगणों ने श्रवण किया।


अधोर गुरूपीठ ट्रस्ट, बनोरा रायगढ़ छत्तीसगढ़ के तत्वाधान में अघोरेश्वर भगवान राम जी का महानिर्वाण दिवस औघड़ की मड़ई जिगना में शनिवार को परम् पूज्य औघड़ संत श्री प्रियदर्शी राम जी के पावन सानिध्य में मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में धर्म बंधु, माताये, बहने, बच्चे व भक्तों की उपस्थिति रही ।
आशीर्वचन में परम् पूज्य औघड़ संत श्री प्रियदर्शी राम जी ने पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के जीवन में प्रकाश डालते हुए बताया कि जब कोई व्यक्ति, संत या महात्मा अपनी संपूर्ण चेतना के साथ जनहित व विश्व कल्याणार्थ सदियों से चल रही परंपरा, मान्यता या अवधारणा में परिवर्तन कर उसके मूलतत्व को जन जन तक पहुंचाता है तब वही सच्चे अर्थों में युगदृष्टा, युगप्रवर्तक, संत या महात्मा होता है। परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी ने कुष्ठ रोगियों की सेवा और सामाजिक उत्थान पर विशेष ध्यान दिए। आज ही के दिन वर्ष 1992 में अघोरेश्वर महाप्रभु ने समाधि ली थी।

अघोराचार्य बाबा कीनाराम परंपरा के अद्वितीय औघड़ संत पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी ने अध्यात्म को पूरी पवित्रता के साथ समाज व राष्ट्रहित में अघोर मत से जोड़ा और समाज व राष्ट्र की पूजा को गढ़े हुए देवताओं की पूजा से भी महान बताया।
महानिर्वाण दिवस के अवसर पर सामूहिक आरती, सफल योनि का पाठ, भजन कीर्तन किया गया। परम् पूज्य औघड़ संत श्री प्रियदर्शी राम जी का दर्शन करने के लिए भक्तों की कतार लगी रही। दर्शन के बाद भंडारा में बड़ी संख्या में भक्तो ने प्रसाद ग्रहण किया।
अघोर गुरूपीठ ब्रम्हनिष्ठालय बनोरा के सभी शाखा में आयोजन

अघोर गुरूपीठ ब्रम्हनिष्ठालय बनोरा,रायगढ़ में पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी का महानिर्वाण दिवस मनाया गया। इसके अलावा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर सोनहत जिला के अंतर्गत आने वाले ग्राम सरभोका ( चिरमिरी ) में सामूहिक आरती , श्री गुरु गीता का सामूहिक पाठ व प्रसाद वितरण ( भंडारा) का आयोजन किया गया । रायपुर, डभरा, सरगुजा जिला के ग्राम कोइलीजोर अजबनगर, रेनुकूट,प्रयागराज में भी महानिर्वाण दिवस मनाया गया।
आत्म अनुसंधान केन्द्र आदर में बुजुर्गों को कम्बल व नि:शुल्क दवा वितरण
अधोर गुरू पीठ ट्रस्ट, बनोरा जिला रायगढ़ (छग) के तत्वाधान में अघोरेश्वर भगवान राम जी का महानिर्वाण दिवस (29 नवम्बर) को आत्म अनुसंधान केन्द्र ,आदर जिला गुमला में भंडारा का आयोजन कर व बुजुर्गों को कम्बल वितरण कर मनाया गया।

अघोर गुरू पीठ ब्रह्मनिष्ठालय बनोरा के अधिष्ठाता संत परम् पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी के रॉंची एवं गुमला जिला के अनुयायियों द्वारा 130 बुजुर्गों को कम्बल का वितरण किया गया । डॉ अश्विनी एवं डॉ स्मृति ने 130 मरीजों का ईलाज कर नि:शुल्क दवा वितरण किया गया।साथ साथ सुगर तथा बीपी भी जांचा गया ।

मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ का संदेश:
पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी का जीवन राष्ट्र निर्माण, मानव सेवा और आध्यात्मिक उत्थान का ऐसा दिव्य अध्याय है, जिसने समाज को दिशा दी।

उनकी करुणा, त्याग, लोक-कल्याण की भावना और उनके जीवन में समर्पण का उजास आज भी समाज के लिए प्रेरणा का अविरल स्त्रोत है। उनकी संवेदना और निष्काम सेवा भाव ने अनेक लोगों के जीवन को स्पर्श किया। उनके पवित्र आदर्श हमें सेवा, संवेदना और समर्पण के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने की प्रेरणा देते रहेंगे।
महानिर्वाण दिवस के पावन अवसर पर पूज्य अघोरेश्वर जी की दिव्य स्मृतियों को कोटि-कोटि नमन।

