नई दिल्ली (एजेंसी)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष आयोजित देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में करीब 20 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल, डेंटल, आयुष एवं अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सफल घोषित किए गए हैं। अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड neet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं।
परीक्षा में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से ऑल इंडिया टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, 19 अभ्यर्थियों ने 700 से अधिक अंक, जबकि 138 छात्रों ने 690 से अधिक अंक अर्जित किए हैं। NEET-UG 2026 का आयोजन 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक ऑफलाइन (पेन-एंड-पेपर) मोड में किया गया था। परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित हुई, जिसमें देश के सभी 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के साथ विदेशों के अभ्यर्थियों ने भी भाग लिया। परीक्षा के लिए 551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
अंकों के आधार पर सफल अभ्यर्थी
- 700 से अधिक अंक: 19 अभ्यर्थी
- 650 या उससे अधिक: 1,492 अभ्यर्थी
- 600 या उससे अधिक: 10,160 अभ्यर्थी
- 500 या उससे अधिक: 90,780 अभ्यर्थी
2027 से ऑनलाइन होगी NEET परीक्षा
केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से बड़ा निर्णय लिया है। 2027 से NEET-UG परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) यानी ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। हालांकि, परीक्षा का सिलेबस, प्रश्नों की संख्या, विषय और मार्किंग स्कीम पहले की तरह ही रहेगी। नए प्रारूप से अभ्यर्थियों को परिचित कराने के लिए मॉक टेस्ट और डेमो परीक्षा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

