मनेन्द्रगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के जनकपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत खिरकी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ गांव के एक घर में घुस गया। घर के भीतर तेंदुए को आराम से बैठा देख परिवार के लोग दहशत में आ गए और जान बचाने के लिए बाहर भागे।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने तेंदुए को सुरक्षित तरीके से घर के अंदर से बाहर निकाल लिया।
आसपास के गांवों में बढ़ाई जाएगी निगरानी
तेंदुए के घर में घुसने की घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों की पूर्व सूचना देने की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू किए गए तेंदुए को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। साथ ही आसपास के गांवों में निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

